भाजपा द्वारा कांग्रेस सरकार के विरोध में विशाल जनआक्रोश रैली आज

– रैली के बाद विशाल सभा को नेता प्रतिपक्ष कटारिया करेंगे सम्बोधित –
प्रतापगढ़ – भारतीय जनता पार्टी जिला प्रतापगढ़ द्वारा आज जिला मुख्यालय पर स्थानीय नगर परिषद प्रांगण से आज शनिवार को प्रातः 11:00 बजे राजस्थान की जनविरोधी, सत्ता लोभी, लुटेरी, किसान विरोधी और युवा – बेरोजगार विरोधी कांग्रेस सरकार के विरोध में विशाल जनआक्रोश रैली राजस्थान विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया के नेतृत्व में निकाली जाएगी, इसके पश्चात स्थानीय गांधी चौराहे पर एक विशाल जनआक्रोश सभा का आयोजन होगा।
एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए भाजपा जिला प्रवक्ता हार्दिक अरुण छोरिया ने बताया कि प्रतापगढ़ जिला भारतीय जनता पार्टी द्वारा राजस्थान विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष एवं राजस्थान के पूर्व गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया के नेतृत्व में स्थानीय नगर परिषद प्रांगण से किसानों एवं आम जनता के साथ भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता एक विशाल जन आक्रोश रैली निकालेंगे, जिसके माध्यम से राजस्थान की सोई हुई, किसान विरोधी, युवा एवं बेरोजगार विरोधी, महिला विरोधी सरकार को जगाने का प्रयास किया जाएगा।
भाजपा द्वारा निकाली जाने वाली विशाल जन आक्रोश रैली में राजस्थान विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया के साथ क्षेत्रीय सांसद सीपी जोशी, पूर्व मंत्री श्रीचंद कृपलानी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल कुमावत, प्रदेश मंत्री कन्हैयालाल मीणा, विधायक ललित ओस्तवाल, हरेंद्र निनामा, जिला परिषद के नेता प्रतिपक्ष हेमंत मीणा सहित जिले के कई नेता, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता व किसान एवं आमजन भाग लेंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल कुमावत ने प्रतापगढ़ जिले की आमजनता, किसान, युवा, बेरोजगार, महिलाओं से आह्वान किया कि इस राजस्थान की भ्रष्ट सरकार के विरोध में प्रतापगढ़ जिला भाजपा द्वारा आयोजित विशाल जनआक्रोश रैली में अधिक से अधिक संख्या में पधारे एवं जनहित के इस यज्ञ में अपनी उपस्थिति रूपी आहुति प्रदान करें।