राजकीय सार्वजनिक जिला पुस्तकालय में हिंदी दिवस मनाया

प्रतापगढ़। राजकीय सार्वजनिक जिला पुस्तकालय प्रतापगढ़ में 14 सितंबर हिंदी दिवस के रूप सावित्रीबाई फुले वाचनालय में मनाया गया। जिसमें प्रसिद्ध कवि हरिश व्यास गीतकार एवं कवि सुरेन्द्र सुमन के विशिष्ट आतिथ्य में हिंदी दिवस मनाया गया।
हरीश व्यास ने हिंदी दिवस की उपयोगिता बताते हुए बताया कि हर भारतीय नागरिकों के लिए हिंदी दिवस का बहुत ही महत्व है भारत विविधताओं से भरा देश है, यहां अलग-अलग धर्म व जाति के लोग रहते हैं, अलग-अलग भाषाएँ, बोलियां बोलने वाले,अलग-अलग वेशभूषा, खान-पान व संस्कृति के लोग रहते हैं। यह हिंदी भाषा ही है जो देश के सभी लोगों को एकता के सूत्र में पिरोती है। देश को एक रखने में हिंदी का बहुत बड़ा योगदान है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने हिंदी को जनमानस की भाषा कहा था, हिंदी ने हमें दुनिया भर में पहचान दिलाई है, आज हिंदी दिवस हिंदी को सम्मान देने का एक शानदार तरीका है।
विशिष्ट अतिथि सुरेन्द्र सुमन ने भी हिंदी दिवस के इस पावन अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए बताया कि हिंदी हमारे देश की संस्कृति और संस्कारों का प्रतिबिंब हैं। लेकिन यह सच है कि हिंदी भाषा का अपना महत्व बना हुआ है। जिस प्रकार अपनी मां का स्थान कोई नहीं ले सकता उसी प्रकार हमारी मातृभाषा हिंदी का भी स्थान कोई नहीं ले सकता। हमें हिंदी को अपनाना चाहिए जिससे राष्ट्र गौरवान्वित होगा।
पुस्तकालय अध्यक्ष लोकेंद्र सिंह पालीवाल ने बताया कि हिंदी दिवस के इस आयोजन में पुस्तकालय के पाठकों ने भी हमारी मातृभाषा हिंदी को अपनाने का प्रण किया तथा पुस्तकालय में निबंध प्रतियोगिता, श्रुति लेखन, हिंदी टंकण प्रतियोगिता आदि का आयोजन किया गया।